Research indexJournal article
मरुधरा का प्राकृतिक आयुर्वेद: मारवाड़ की औषधीय वनस्पतियों का भौगोलिक परिप्रेक्ष्य
सैनी
22 Nov 2026Open access
NobleIDark:/48914/w1/20261122/7AB44D19DOI10.5281/zenodo.24437004
मरुधरा का प्राकृतिक आयुर्वेद: मारवाड़ की औषधीय वनस्पतियों का भौगोलिक परिप्रेक्ष्य
सैनी · 2026
NobleIDark:/48914/w1/20261122/7AB44D19DOI10.5281/zenodo.24437004
Abstract
प्रस्तावना: किसी भी राष्ट्र या विशिष्ट भौगोलिक क्षेत्र की प्रगति और उसकी पारिस्थितिक स्थिरता में उसके प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता और उनका विवेकपूर्ण उपयोग एक निर्णायक भूमिका निभाता है। पृथ्वी की सतह पर विद्यमान जैव विविधता केवल जीवित प्राणियों और वनस्पतियों का संग्रह मात्र नहीं है, अपितु यह एक अत्यंत जटिल और परस्पर संबद्ध पारिस्थितिकी तंत्र है जो भौतिक, रासायनिक और जैविक घटकों के बीच संतुलन स्थापित करता है । मानवता के लिए ये संसाधन न केवल आर्थिक आधार प्रदान करते हैं, बल्कि वैज्ञानिक अनुसंधान और सामाजिक सुदृढ़ता की दृष्टि से भी अपरिहार्य हैं। वनस्पति संसाधन, विशेष रूप से औषधीय पादप, कृषि क्षेत्र की उन्नति और राष्ट्र की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण स्तंभ माने जाते हैं । विश्व स्तर पर पारिस्थितिक तंत्रों में विविधता का महत्व विशेष रूप से कृषि और चिकित्सा में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है, जहाँ खाद्य चक्र और जीवन रक्षक प्रणालियाँ एक लंबी और सूक्ष्म प्रक्रिया का परिणाम हैं । राजस्थान राज्य, जो भारत के उत्तर-पश्चिमी भाग में स्थित है, अपनी विशिष्ट और विषम जलवायु परिस्थितियों के कारण औषधीय पादपों का एक अद्वितीय भंडार गृह है। अरावली पर्वतमाला राज्य की एक प्रमुख भौगोलिक विशेषता है, जो इसे दो भिन्न भागों में विभाजित करती है। इसका उत्तर-पश्चिमी भाग, जिसमें थार का विशाल मरुस्थल स्थित है, शुष्क और अर्ध-शुष्क जलवायु के लिए जाना जाता है । इसी भू-भाग का एक ऐतिहासिक और भौगोलिक हिस्सा 'मारवाड़' है, जो अपनी रेतीली मृदा, विरल वर्षा और अत्यधिक तापमान के बावजूद लगभग 1900 औषधीय पौधों की प्रजातियों को आश्रय प्रदान करता है। मारवाड़ की भौगोलिक सीमाओं में वर्तमान जोधपुर, बालोतरा, फलोदी, बाड़मेर, जालौर, सांचौर, नागौर और पाली जैसे जिले सम्मिलित हैं। यह क्षेत्र थार मरुस्थल के उस भाग का प्रतिनिधित्व करता है जहाँ जीवन की कठोरता के बीच औषधीय संपदा का खजाना छिपा है । मरुस्थलीय वनस्पतियों की उत्तरजीविता उनके अद्वितीय शारीरिक और जैविक संरचनाओं पर निर्भर करती है। मरुस्थलीय पौधों में पत्तियों का काँटों में रूपांतरित होना, तने का मांसल होना और जड़ों का अत्यंत गहरा होना वाष्पोत्सर्जन को कम करने और नमी को संचित करने के लिए होता है । उदाहरण के लिए, खेजड़ी की जड़ें 30 मीटर तक गहराई में जाती हैं । शोधकर्ताओं का मानना है कि ये 'तनावपूर्ण' स्थितियाँ ही इन पौधों में उन 'सेकेंडरी मेटाबोलाइट्स' के उत्पादन को प्रेरित करती हैं जो चिकित्सीय दृष्टि से अत्यंत सक्रिय होते हैं । अतः मारवाड़ की 'बंजर' मानी जाने वाली भूमि वास्तव में एक 'प्राकृतिक प्रयोगशाला' है जहाँ स्वास्थ्य के रहस्यों का निरंतर संश्लेषण हो रहा है । शब्द संकेत - मारवाड़, औषधीय पादप, परिलक्षित, भू - वैज्ञानिक इतिहास, संरचना, मारवाड़ सुपर ग्रुप, जलवायु, वेद, प्राचीनतम, संस्कृति ।